वाराणसी। गंगा की विरलता-निर्मलता को लेकर गंगा समग्र यात्रा की ओर से
चलाए गंगा समग्र आंदोलन के तहत रविवार को गंगा, वरुणा तटों पर मानव
श्रृंखला बनायी गई। लोगों ने हाथों से हाथ जोड़ा, गंगा निर्मलीकरण में साथ
देने का संकल्प लिया। खास यह था कि इस आंदोलन में जहां युवाओं ने अहम
भूमिका निभाई वहीं विदेशी सैलानियों ने भी हाथ से हाथ मिलाकर गंगा के प्रति
अपनी आस्था व्यक्त की। गंगा समग्र के इस श्रृंखला कार्यक्त्रम में विश्व
हिंदू परिषद, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भाजपा, भाजपा
युवामोर्चा के नेता, कार्यकर्ता शामिल हुए।
गंगा तट पर जुटे युवाओं ने एक दूसरे का हाथ थाम गंगा के लिए हर कुर्बानी
का संकल्प लिया। अस्सी घाट पर विद्यार्थी परिषद, महामना मंडल, भायुमो के
कार्यकर्ताओं ने केसरिया परिधानों में मानव श्रृंखला बनायी।
रामनगर के बलुआ घाट पर दैनिक आरती सेवा समिति, संघ, भाजपा के
कार्यकर्ताओं ने श्रृंखला बनाई। इसमें काफी संख्या में छात्र-छात्राओं ने
हिस्सा लिया। भाजपा की ओर से वरुणा तटों पर मानव श्रृंखला बनायी गई।
श्रमदान से घाट की सफाई-
कैथी स्थित गंगा किनारे पूर्व प्रधान घनश्याम सिंह के नेतृत्व में
मानव श्रृंखला बनाई गई। इसके पूर्व गंगा किनारे श्मशानघाट पर श्रमदान कर
साफ-सफाई की गई। तकरीबन दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान श्रमदान में
शामिल बच्चों ने लोगों से गंगा में कूड़ा न फेंकने, गंगा तटों को साफ रखने
को कहा।
